दुर्ग में 260 नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, कार और 4 मोबाइल फोन जब्त

दुर्ग। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भिलाईनगर थाना पुलिस ने हुडको स्थित लाल मैदान के गणेश पंडाल के पास एक कार से 260 नग अवैध नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक सफेद कार में कुछ व्यक्ति अवैध नशीली टैबलेट रखे हुए हैं। सूचना पर भिलाईनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध कार की घेराबंदी कर उसमें मौजूद तीन लोगों को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं, जिनका वजन 33.800 ग्राम और अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, टैबलेट के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

तीनों आरोपियों के पास से मिलीं टैबलेट

पुलिस ने आरोपियों की पहचान हेमन्त कुमार देवांगन (31 वर्ष), निवासी पाटनकर कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, थाना मोहननगर, दुर्ग; आशीष दास (26 वर्ष), निवासी एलआईजी-285, हुडको, भिलाईनगर और अमन सिंह (22 वर्ष), निवासी मकान नंबर 81/आई, परिजात तालपुरी, भिलाईनगर के रूप में की है।

तलाशी के दौरान हेमन्त कुमार देवांगन के कब्जे से 160 नग, अमन सिंह से 50 नग और आशीष दास से 50 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं।

कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशीली टैबलेट के अलावा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की कार क्रमांक CG 04 H 4345, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये है, तथा चार मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।

मामले में थाना भिलाईनगर में अपराध क्रमांक 540/2026, धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना जारी है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई पउनि विजेन्द्र चन्द्राकर के नेतृत्व में थाना भिलाईनगर पुलिस टीम द्वारा की गई। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *