दिसंबर 2026 में निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू, 23 अक्टूबर को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने और उसके पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिका चुनाव के लिए कुल 417 पदों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। इनमें भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगम के 4 महापौर, 13 अध्यक्ष और 400 पार्षद पद शामिल हैं। वहीं उप चुनाव के लिए 1 अध्यक्ष और 6 पार्षद पदों की मतदाता सूची भी तैयार की जाएगी।

इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए कुल 814 पदों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण होगा। इनमें 1 जनपद पंचायत सदस्य, 92 सरपंच और 721 पंच पद शामिल हैं।

1 अक्टूबर को आधार मानकर बनेगी मतदाता सूची

आयोग के अनुसार मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति को आधार मानकर तैयार की जाएगी। इसका प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को होगा। इसके बाद मतदाता अपने नाम से जुड़ी जानकारी को लेकर दावा-आपत्ति कर सकेंगे।

दावा-आपत्तियों का निराकरण करने के बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

आयोग ने बताया कि मतदाता सूची तैयार करने का काम सही, पारदर्शी और समय पर पूरा कराने के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक-एक निर्वाचक नामावली प्रेक्षक, यानी कुल 33 प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *