बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की सूचना लोको पायलट ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास ही संदीप की बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संदीप कुमार मूल रूप से संतकबीरनगर के रहने वाले थे और पिछले 11 महीनों से चितबड़ागांव थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। पुलिस अधीक्षक इराज राजा के मुताबिक, इस मामले में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसोटार गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती रोली की भूमिका सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि युवती सब-इंस्पेक्टर पर शादी करने का दबाव बना रही थी और उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। इसी वजह से संदीप मानसिक रूप से परेशान थे।
पुलिस के अनुसार, युवती की मुलाकात संदीप से फेसबुक के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। एसपी इराज राजा ने बताया कि युवती ने करीब दो साल पहले भी एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। उस मामले में एक सिपाही पहले से जेल में है।
इस नए मामले में ब्लैकमेलिंग और युवती की संदिग्ध भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी युवती रोली को रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक बगीचे से गिरफ्तार किया है।
एसपी इराज राजा ने कहा है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।