कमल विहार-देवपुरी रोड में कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, स्कूल से पोते को लेकर लौट रहा दादा घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवपुरी इलाके में तेज रफ्तार सफेद रंग की इलेक्ट्रिक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दादा और उनका पोता सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में दादा के दाहिने कंधे, पसली और पैर में चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दादा देवनारायण देवांगन अपने पोते मलय देवांगन को कृष्णा पब्लिक स्कूल, कमल विहार से स्कूटी होंडा डियो क्रमांक CG04NM8071 पर पीछे बैठाकर घर लौट रहे थे।

जय अंबे हॉस्पिटल के पास हुआ हादसा

बताया गया कि 29 सितंबर को दोपहर करीब 12:15 बजे जब वे देवपुरी स्थित जय अंबे हॉस्पिटल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही अज्ञात सफेद रंग की इलेक्ट्रिक कार के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दादा और पोता स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए। हादसे में देवनारायण देवांगन के दाहिने कंधे, दाहिनी पसली और दाहिने पैर में चोट आई।

पचपेड़ी नाका के अस्पताल में भर्ती

घायल देवनारायण देवांगन को उपचार के लिए पचपेड़ी नाका स्थित एसआरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद अज्ञात कार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *