सूरजपुर। जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी-बिहारपुर के पासल गांव में जंगली जानवर के हमले की आशंका के बीच 10 बकरियां मृत मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक पासल गांव निवासी मोहन सिंह की 6 और महावल सिंह की 4 बकरियां मृत हालत में मिली हैं।
बताया जा रहा है कि बकरियों की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई है। हालांकि, किस जंगली जानवर ने हमला किया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान से सटा हुआ है, जिसके चलते क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों के बीच तेंदुआ समेत अन्य हिंसक वन्यजीवों को लेकर चिंता बनी हुई है।
बकरियों के मृत मिलने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम और वन विभाग की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह तथा किस जानवर के हमले से बकरियों की मौत हुई, यह स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
