सूरजपुर। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के चंदौरा अंतर्गत दरहोरा गांव में हाथी के हमले से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक का कीचड़ से सना शव धान के खेत में मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान दरहोरा निवासी प्रमोद राजवाड़े के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रमोद पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान धान के खेत में उसका शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत हाथी के हमले से हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम घटना की परिस्थितियों और हाथी की मौजूदगी को लेकर भी जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।