रायपुर। फ्लाईदुबई की उड़ान में उत्पन्न गंभीर आपातकालीन स्थिति के दौरान अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की देशभर में सराहना हो रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी कैप्टन स्मित मछार के साहस, संयम और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा की प्रशंसा करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उड़ान के दौरान आई गंभीर आपातकालीन स्थिति में कैप्टन स्मित मछार ने असाधारण साहस और संयम का परिचय दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वे अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटे और विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत बहादुरी का प्रदर्शन किया।
सीएम साय ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार के साहस और सूझबूझ से सैकड़ों लोगों की जान बचाने तथा एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली। उनका कर्तव्य के प्रति समर्पण और सेवा भावना देश के लिए लंबे समय तक प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद डटे रहे
ताजा रिपोर्टों के अनुसार, फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कॉकपिट के भीतर हुई गंभीर घटना के दौरान कैप्टन स्मित मछार घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति से निपटने और विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया। कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना की गई है। रिपोर्टों में विमान में करीब 180 लोग सवार होने की जानकारी सामने आई है।
CM साय ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार का साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और सेवा की भावना देशवासियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कैप्टन मच्छर के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के साथ किया।