Headlines

दुर्ग-भिलाई से रायपुर तक नशे की सप्लाई, दो तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा/हेरोइन की बिक्री करने वाले मुख्य सप्लायर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुर्ग-भिलाई से लेकर रायपुर तक घूम-घूमकर नशीले पदार्थों की सप्लाई और बिक्री करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, दो मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन और नगदी रकम सहित 4 लाख 22 हजार 200 रुपये की मशरूका जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इमली तालाब, कोहका क्षेत्र में एक व्यक्ति चिट्टा/हेरोइन की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी मृत्युंजय दुबे (27 वर्ष), निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.58 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

पूछताछ में मुख्य सप्लायर का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी मृत्युंजय दुबे ने बताया कि वह कृष्णा नगर, सुपेला निवासी विकास पाल (23 वर्ष) से नशीला पदार्थ खरीदकर रायपुर क्षेत्र में बेचता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश दी और विकास पाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 6.72 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।

इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दुर्ग-भिलाई और रायपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर घूमकर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई करते थे।

दोपहिया वाहनों से करते थे नशे का कारोबार

जांच में सामने आया कि आरोपी मुख्य सप्लायर से चिट्टा/हेरोइन लेकर दोपहिया वाहनों के जरिए अलग-अलग इलाकों में पहुंचाते थे। मोबाइल फोन के माध्यम से आपसी संपर्क और बिक्री से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाती थीं।

4.22 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की है:

  • चिट्टा/हेरोइन 10.30 ग्राम – कीमत 2,06,000 रुपये।
  • रेडमी मोबाइल फोन – 10,000 रुपये।
  • वनप्लस मोबाइल फोन – 15,000 रुपये।
  • एक्टिवा दोपहिया वाहन – 80,000 रुपये।
  • सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन – 1,00,000 रुपये।
  • नगदी रकम – 11,200 रुपये।

इस प्रकार कुल 4,22,200 रुपये की मशरूका जब्त की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *