Headlines

रायपुर में बुलेट चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों और विधि से संघर्षरत 3 बालकों सहित कुल 7 लोगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से चोरी की 7 बुलेट सहित 13 दोपहिया वाहन और वारदातों में इस्तेमाल किए गए 3 अन्य वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक रजनाला की मॉनिटरिंग में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा चोरी के स्थानों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के जरिए भी संदिग्धों की तलाश की जा रही थी।

बुलेट की नंबर प्लेट गायब देखकर हुआ शक

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को विशेष टीम थाना डी.डी.नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट सवार युवक दिखाई दिया, जिसकी गाड़ी में पीछे की नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रोककर जांच की। सामने नंबर प्लेट लगी थी, लेकिन चालक वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीप छाबड़िया निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर रायपुर बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बुलेट चोरी की होना स्वीकार किया। उसने बताया कि अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से वाहन चोरी किया था।

इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और विधि से संघर्षरत तीन बालकों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में गिरोह के चोरी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी संगठित होकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और खासतौर पर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य वाहनों का लॉक तोड़कर चोरी करते थे।

वारदात के दौरान एक सदस्य चोरी किए गए वाहन को चलाता था, जबकि अन्य सदस्य अपने दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी की गाड़ी को ले जाते थे। पहचान छिपाने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इसके अलावा वाहनों पर लगे पहचान संबंधी निशान मिटाने और पार्ट्स बदलने का काम भी करते थे।

18.50 लाख के 16 वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें 7 बुलेट शामिल हैं। इनकी कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए गए 3 दोपहिया वाहन एथर, आई-क्यूब और बर्गमेन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है। इस तरह कुल 16 वाहनों की कीमत लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये है।

चोरी के 13 वाहनों के संबंध में थाना डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा में धारा 303(2) और 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज हैं। गिरोह बनाकर संगठित रूप से वारदातों को अंजाम देने के तथ्य सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ धारा 112 और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. दीप छाबड़िया (21 वर्ष), निवासी कल्पतरू कॉलोनी, कोटा रोड, सरस्वती नगर, रायपुर।
  2. रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, डी.डी.नगर, रायपुर।
  3. शुभम पटले (22 वर्ष), निवासी रायपुरा, थाना डी.डी.नगर, रायपुर।
  4. कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष), निवासी जेडी कॉम्प्लेक्स के पीछे, कबीर नगर, रायपुर।
  5. विधि से संघर्षरत तीन बालक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *