Headlines

हीरे की अंगूठी और 7 लाख के जेवर लेकर पत्नी फरार, रिश्तेदारों से पति को मिल रही धमकी

गोरखपुर। शादी के बाद पति को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपये के जेवर लेने और फिर घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि पत्नी करीब एक साल तक उसके साथ रही। इस दौरान उसने पत्नी पर भरोसा कर लाखों रुपये खर्च किए और महंगे गहने भी खरीदकर दिए। लेकिन एक साल बाद पत्नी अचानक घर छोड़कर चली गई। काफी इंतजार और तलाश के बाद अब पति ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर शहर के रामगढ़ ताल इलाके के युवक की सगाई आगरा की युवती से हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति और एक रिश्तेदार के माध्यम से रिश्ता तय हुआ था। इसके बाद गोरखपुर में दोनों की शादी हुई। शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा।

पति का आरोप है कि शादी के बाद पत्नी ने करीब एक साल तक उसे अपने प्रेमजाल में उलझाए रखा। इस दौरान उसने पत्नी के लिए 6.50 लाख रुपये का सोने का हार और 1.16 लाख रुपये की हीरे की अंगूठी खरीदी। आरोप है कि लाखों रुपये के जेवर लेने के बाद पत्नी अचानक घर छोड़कर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।

पत्नी के काफी समय तक वापस नहीं आने पर पति और उसके परिजन परेशान हो गए। पति ने उसे वापस लाने के लिए कई प्रयास किए। वह शादी कराने वाले रिश्तेदार के घर भी पहुंचा और मामले में हस्तक्षेप कर पत्नी को वापस भेजने की गुहार लगाई। हालांकि, पति का आरोप है कि रिश्तेदार ने मदद करने के बजाय उसे धमकी दे दी।

इसके बावजूद पति लंबे समय तक पुलिस में शिकायत करने से बचता रहा। उसे उम्मीद थी कि पत्नी वापस लौट आएगी और उनका रिश्ता फिर से सामान्य हो जाएगा। लेकिन परिजनों के समझाने के बाद आखिरकार उसने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *