रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर पैसे मांगने और इनकार करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। सरोना निवासी ट्रक बॉडी पार्ट बनाने वाले मैकेनिक रवि कौशल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रवि कौशल के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह ऑटो पार्ट्स का सामान लेने दुकान जा रहा था। इसी दौरान बीकानेर जोधपुर बॉडी मेकर्स की दुकान के पास छबी और रईस नामक दो व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उससे पैसे मांगने लगे।
शिकायतकर्ता ने पैसे देने से इनकार किया और वहां से आगे बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की। इस पर रवि वापस उनके पास पहुंचा और गाली देने का कारण पूछा। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में रवि के गले, जबड़े, होंठ और छाती में चोटें आईं। घटना के बाद उसने मामले की जानकारी टीकाराम जायसवाल उर्फ सीताराम और अपने पुत्र अंकित कौशल को दी। इसके बाद आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।