Headlines

हाथी शावक की करंट लगने से मौत, भड़का 27 हाथियों का दल, मचा रहा उत्पात, गांव कराए गए खाली

अंबिकापुर। उदयपुर वन क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक हाथी शावक की मौत के बाद हाथियों का दल आक्रामक हो गया। बताया जा रहा है कि शावक की मौत के बाद करीब 27 हाथियों का दल महेशपुर के उपकापारा इलाके के आसपास मौजूद है और क्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहा है। हाथियों के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए इलाके में दहशत का माहौल है।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम ने जंगल से लगे गांवों को खाली कराया है। ग्रामीणों को हाथियों के दल से दूर रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

बताया जा रहा है कि पिछले 5 दिनों में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में तीन हाथियों की मौत हो चुकी है। सरगुजा और जशपुर क्षेत्र में हाथियों की मौत करंट की चपेट में आने से हुई, जबकि रायगढ़ में एक हाथी शावक की तालाब में डूबने से मौत की जानकारी सामने आई है।

हाथी शावक की मौत के बाद 27 हाथियों के दल के आक्रामक होने का वीडियो भी सामने आया है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *