रायपुर। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में युवती से मोबाइल झपटकर भाग रहे आरोपी को यातायात पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से युवती का छीना हुआ मोबाइल बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को थाना गंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि पहचान और तस्दीक के बाद मोबाइल युवती को वापस लौटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए तैनात यातायात थाना फाफाडीह के आरक्षक क्रमांक 106 शेख जुम्मन और नगर सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान को सूचना मिली कि गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति युवती का मोबाइल जबरदस्ती छीनकर भाग रहा है।
सूचना मिलते ही दोनों जवानों ने तत्काल आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। रेलवे स्टेशन के भीड़भाड़ वाले इलाके में जवानों ने सूझबूझ के साथ घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से युवती का छीना हुआ मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना गंज के सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद मोबाइल धारक युवती को थाने बुलाया गया। आवश्यक तस्दीक और प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसका मोबाइल सुरक्षित वापस सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर युवती ने यातायात पुलिस के जवानों का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। यातायात पुलिस के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करने वाले आरक्षक शेख जुम्मन और नगर सैनिक मोहसिन खान की सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
