रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण के मामले में रायपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वाहन की ट्रैकिंग और अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए मामले की कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
रात 9 बजे मिली पति के लापता होने की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने थाना खमतराई में सूचना दी कि उनके पति प्रतीक राय घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल भी बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए। CCTV फुटेज के विश्लेषण में पुलिस को पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे प्रतीक राय को काले रंग की उत्तर प्रदेश पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों द्वारा जबरदस्ती बैठाकर ले जाया गया था।
CCTV से मिली गाड़ी की जानकारी, तकनीकी सर्विलांस से UP तक पहुंची पुलिस
घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की जानकारी मिलने के बाद खमतराई पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए वाहन की लगातार ट्रैकिंग शुरू की। वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने की जानकारी मिलने पर रायपुर पुलिस ने तत्काल वहां की पुलिस से संपर्क किया। थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस को वाहन की लोकेशन, संभावित रूट, टोल प्लाजा और अन्य तकनीकी जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही चौपन, रॉबर्ट्सगंज सहित संभावित मार्ग में आने वाले पुलिस क्षेत्रों को भी अलर्ट कर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कराई गई।
अहरौरा में रोकी गई स्कॉर्पियो, तीन आरोपी हिरासत में
रायपुर पुलिस की ओर से लगातार साझा की जा रही तकनीकी और टोल संबंधी जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को अहरौरा क्षेत्र में रोक लिया। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की बात कही जा रही है। आरोपियों को उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।
तीनों आरोपियों की पहचान
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी; बृहस्पत देव सिंह (27), निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर, उत्तर प्रदेश और आदर्श सिंह (24), निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। तीनों को अहरौरा क्षेत्र में हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने हेतु उत्तर प्रदेश से रवाना हो चुकी है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने तत्काल कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए थे। डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी खमतराई निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने CCTV फुटेज के विश्लेषण से लेकर तकनीकी सर्विलांस, वाहन की ट्रैकिंग, टोल संबंधी जानकारी जुटाने और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने तक लगातार कार्रवाई की।