किराएदार की बच्ची से रेप, दुर्ग में मकान मालिक गिरफ्तार

दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची अपने माता-पिता के साथ आरोपी के मकान में किराए पर रहती है। घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 45 वर्षीय मकान मालिक को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने आरोपी पर बच्ची के साथ पहले भी गलत हरकत करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी की बच्ची पर लंबे समय से गलत नजर थी। पहले भी उसने बच्ची के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय वह सफल नहीं हो सका।

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने परिजनों के हवाले से बताया कि 2 अक्टूबर को आरोपी ने मौका पाकर बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत देखकर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच के दौरान बच्ची के साथ यौन शोषण की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों ने खुर्सीपार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद 3 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी दिलावर को हिरासत में लिया। पुलिस बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *