रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-50 में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण पहल सेवा सेतु शिविर का विधानसभा स्तरीय आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं और शासकीय योजनाओं से जुड़े कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 19 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष 5 आवेदन नियमानुसार प्रक्रिया में हैं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 81 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
शिविर के दौरान रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों, पार्षदों एवं एल्डरमैन की मौजूदगी में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र 69 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
105 आवेदनों में 19 का तत्काल समाधान
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित नागरिकों ने अपनी समस्याओं और योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त 105 आवेदनों में से 19 का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। वहीं 5 आवेदन, जिनमें स्वच्छता से संबंधित एक और खाद्य विभाग से संबंधित चार आवेदन शामिल हैं, नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया में हैं।
