गरबा-डांडिया आयोजन में महिलाओं और बच्चियों से छेड़खानी किया तो सीधे जेल

रायगढ़। नवरात्रि पर्व को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में महीने की पहली तारीख को निगरानी, गुंडा और माफी बदमाशों के साथ पूर्व में विवादों में शामिल रहे लोगों ने थाना कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल पहुंचकर अपनी हाजिरी दर्ज कराई।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने उन्हें हर महीने की पहली तारीख को संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी देने और अपने जीवन-यापन के साधन तथा वर्तमान गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले 1 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने थाना चक्रधरनगर परिसर में तीनों थाना क्षेत्रों के निगरानी, गुंडा एवं माफी बदमाशों तथा पूर्व में झगड़ा-विवाद में शामिल लोगों को हाजिर कराया था। उस दौरान उन्हें आगामी त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई थी। इसके बाद 1 अक्टूबर को संबंधित लोगों ने तीनों थानों में पहुंचकर अपनी हाजिरी दर्ज कराई।

गरबा-डांडिया में छेड़खानी की शिकायत पर होगी कार्रवाई

नवरात्रि को लेकर पुलिस ने विशेष रूप से गरबा और डांडिया आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां शामिल होती हैं। ऐसे में छेड़खानी, छींटाकशी, अभद्र व्यवहार, मारपीट या किसी भी तरह का विवाद करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अब आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर केवल समझाइश देकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रोजगार और जीवन-यापन की जानकारी भी देनी होगी

सीएसपी राहुल उईके ने हाजिरी देने पहुंचे लोगों को निर्देशित किया कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहकर शांतिपूर्ण जीवन-यापन करें। यदि किसी व्यक्ति को रोजगार या जीवन-यापन से संबंधित वास्तविक समस्या है तो पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी देने की बात कही गई है, ताकि नियमानुसार आवश्यक सहयोग किया जा सके।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा निगरानी बदमाशों की गतिविधियों और आवागमन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *