बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पत्नी पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने और हमले के बाद गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। इस मामले में 2 अक्टूबर को प्रार्थी आदित्य कौशिक, निवासी परसदा, थाना चकरभाठा ने हिर्री थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके जीजा आशीष कौशिक ने उसकी बहन सभ्या कौशिक के साथ हत्या की नीयत से मारपीट की। परिजनों के मुताबिक, इस घटना के बाद सभ्या के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और 92 के तहत अपराध क्रमांक 303/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हिर्री पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपी आशीष कौशिक (31) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।