रायपुर/सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के अधिकारियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि बैठक में बागवानी, पौधों के संरक्षण, शहरी हरियाली और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय के मुताबिक, उन्होंने ‘गार्डन्स बाय द बे’ के मास्टर प्लानिंग के जनरल मैनेजर जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग के साथ औपचारिक बैठक की। ‘गार्डन्स बाय द बे’ सिंगापुर के प्रमुख उद्यान एवं शहरी हरित विकास स्थलों में शामिल है। इसके मास्टर प्लानिंग विभाग में जेसन येओ जनरल मैनेजर के पद पर हैं।
सीएम साय ने कहा कि सिंगापुर के ‘गार्डन्स बाय द बे’ से मिली सीख का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन और छत्तीसगढ़ के अन्य क्षेत्रों में बेहतर ग्रीन स्पेस विकसित करने में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर हरित क्षेत्रों और उद्यानिकी विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही रोजगार के अवसर भी तैयार हो सकते हैं। सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल की ‘गार्डन्स बाय द बे’ के साथ बैठक में वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े अनुभवों एवं संभावनाओं पर चर्चा पहले से निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा थी।
बता दें कि मुख्यमंत्री साय भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के चयन उपरांत छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए सिंगापुर पहुंचे हैं। दौरे का उद्देश्य निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, पर्यावरण, उद्यानिकी और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाएं तलाशना है।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि छत्तीसगढ़ को इस अंतरराष्ट्रीय पहल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पर गर्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिंगापुर के अनुभवों से छत्तीसगढ़ में हरित विकास, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।