धमतरी। बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव ने धमतरी जिले में आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जाहिर की है, खूबलाल ध्रुव का कहना है कि साल 2026 के शुरुआती छह महीनों में धमतरी जिले में आत्महत्या के 174 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। यानी औसतन प्रतिदिन लगभग एक व्यक्ति की जान जा रही है। यह स्थिति पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
इन घटनाओं के पीछे पारिवारिक कलह, आपसी विवाद, मानसिक तनाव, अवसाद, नशे की लत और प्रेम संबंधों से जुड़ी परेशानियों जैसे कई कारण बताए जा रहे हैं। विशेष रूप से युवाओं और कम उम्र के लोगों का प्रभावित होना बेहद चिंताजनक है। खूबलाल ध्रुव ने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम के लिए परिवार, समाज, प्रशासन और स्वास्थ्य तंत्र को मिलकर काम करना होगा। युवाओं को मानसिक तनाव के समय अकेला नहीं छोड़ना चाहिए और जरूरत पड़ने पर तुरंत भरोसेमंद व्यक्ति या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि आत्महत्या की घटनाओं के कारणों का विस्तृत अध्ययन कर जागरूकता, नशामुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए।
मुख्य कारण
1 पारिवारिक कलह और आपसी विवाद
2 मानसिक तनाव और डिप्रेशन
3 नशे की लत
4 प्रेम प्रसंग से जुड़ी समस्याएं