Headlines

एक गांव में दो अलग-अलग जगह डेडबॉडी के पार्ट्स मिलने से फैली सनसनी

बलरामपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पस्ता थाना क्षेत्र के कदौरा गांव में दो दिन से लापता 35 वर्षीय युवक वसीम अंसारी की हत्या कर शव के टुकड़े किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का कटा हुआ सिर खेत के पास मिला, जबकि उसका धड़ नाले के पास बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसी बीच कदौरा गांव के एक खेत में युवक की स्कूटी और कटा हुआ सिर मिलने की सूचना सामने आई। वहीं, नाले के पास युवक का धड़ बरामद होने की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पस्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

दो संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल आरोपियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस की ओर से मामले का विस्तृत खुलासा आज किए जाने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है। घटना को लेकर गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *