बलरामपुर। जिले में मादक पदार्थ गांजे की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 112 नग गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक, बरियों चौकी क्षेत्र के ग्राम खुखरी के रखैतपारा में गांजे की अवैध खेती किए जाने की सूचना पटवारी से पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत में गांजे के पौधे लगे मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने मौके से कुल 112 गांजे के पौधे बरामद किए। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।