रायपुर। शहर में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। 4 अक्टूबर की रात शहर के 9 प्रमुख और संवेदनशील चौराहों पर चलाए गए अभियान में 80 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 48 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, जबकि 32 वाहन चालक अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में की गई। जांच के दौरान यातायात पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 48 चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
कार से लेकर ट्रक-टैंकर तक की जांच
रात्रि चेकिंग के दौरान अलग-अलग श्रेणी के वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई की जद में 36 दोपहिया, 34 कार, 8 ट्रक/टैंकर, एक बस और एक पिकअप वाहन शामिल रहे। पुलिस ने अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
यातायात पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाना सड़क पर चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। नशे की हालत में चालक की निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया की गति प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 4,039 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।