सिंगापुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर मुख्यमंत्री साय सिंगापुर में आयोजित इस फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि आज छत्तीसगढ़ की आवाज वैश्विक मंच पर गूंजी। उन्होंने कहा कि करीब 3 करोड़ प्रदेशवासियों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने सिंगापुर की विदेश मामलों एवं व्यापार-उद्योग की राज्य मंत्री गण सिओ ह्वांग, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और वैश्विक कारोबारी जगत के प्रतिनिधियों के साथ मंच साझा किया।

दुनिया के सामने रखी छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ को केवल जंगल और खनिज संपदा वाले राज्य के रूप में नहीं, बल्कि निवेश और नए अवसरों की भूमि के तौर पर प्रस्तुत किया। सिंगापुर में आयोजित SING फोरम में भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
इससे पहले मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भी छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया था और सिंगापुर के उद्योग जगत को राज्य में साझेदारी के लिए आमंत्रित किया।

निवेश और विकास पर फोकस
SING फोरम 2026 का आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। फोरम में करीब 300 सिंगापुर-स्थित निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों की भागीदारी रही। यहां भारतीय राज्यों की निवेश संभावनाओं, उद्योग, व्यापार और तकनीकी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
मुख्यमंत्री साय के सिंगापुर दौरे का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और निवेश अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखना है। राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, अधोसंरचना और उभरते क्षेत्रों के आधार पर निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पोस्ट में कहा कि “जंगलों और खनिजों से समृद्ध छत्तीसगढ़ आज अवसरों की भूमि भी है। और दुनिया सुन रही है।” उनके इस संदेश को राज्य को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
