श्रीराम राइस मिल में प्रशासन की दबिश, 2.10 करोड़ के चावल की कमी, स्टॉक में गड़बड़ी की आशंका

कवर्धा। जिले में धान और चावल के स्टॉक की जांच के तहत प्रशासन की संयुक्त टीम ने गंडईकला स्थित श्रीराम राइस मिल में छापेमारी की। भौतिक सत्यापन के दौरान मिल के रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया है। जांच में करीब 4,554.52 क्विंटल चावल कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राजस्व, पुलिस, खाद्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने श्रीराम राइस मिल में पहुंचकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड में करीब 10,480 क्विंटल चावल दर्ज पाया गया, जबकि मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक इससे काफी कम मिला।

भौतिक सत्यापन में कुल 4,554.52 क्विंटल चावल की कमी सामने आई। इसके साथ ही रिकॉर्ड के आधार पर करीब 6,797 क्विंटल धान की अनुपातिक कमी भी पाई गई। प्रशासन ने स्टॉक में इस बड़े अंतर को गंभीरता से लेते हुए मिल संचालक से जवाब-तलब किया है।

मिल संचालक को कारण बताओ नोटिस

जांच के बाद जिला प्रशासन की ओर से श्रीराम राइस मिल के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्टॉक में पाए गए अंतर को लेकर मिल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, धान और चावल के स्टॉक का मिलान कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है। मामले में दस्तावेजों और मौके पर मिले स्टॉक की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *