रायपुर। सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 छत्तीसगढ़ के लिए निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बताया कि फोरम के दौरान राज्य के लिए कुल ₹43,250 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं हासिल हुई हैं। इनमें सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से प्रस्तावित ₹41,750 करोड़ का निवेश प्रमुख है।
मुख्यमंत्री साय के अनुसार, यह निवेश छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता के हाइपरस्केल डेटा सेंटर की स्थापना के लिए प्रस्तावित है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि किसी वैश्विक कंपनी की ओर से छत्तीसगढ़ में इतने बड़े निवेश की प्रतिबद्धता राज्य की नीतियों, क्षमता और यहां के लोगों में विश्वास को दर्शाती है।

डेटा सेंटर क्षेत्र में बड़े निवेश की तैयारी
प्रस्तावित 100 मेगावाट हाइपरस्केल डेटा सेंटर निवेश से छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अब केवल प्राकृतिक संसाधनों के लिए ही नहीं, बल्कि नए उद्योगों और आधुनिक तकनीकी निवेश के लिए भी अपनी पहचान बना रहा है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 में राज्य की निवेश संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रख रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने सिंगापुर के कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों पर चर्चा की थी।

‘यह तो बस शुरुआत है’
मुख्यमंत्री साय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “यह तो बस शुरुआत है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कई और वैश्विक साझेदार छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य वैश्विक निवेशकों के स्वागत के लिए तैयार है।
साय ने कहा कि सरकार की कोशिश छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में शामिल करने की है। इसके लिए राज्य की नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधन, अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।