Headlines

कृषि महाविद्यालय कुरूद की छात्रा नियति साहू की पुस्तक का राज्यपाल ने किया विमोचन

धमतरी। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद की द्वितीय वर्ष की छात्रा एवं युवा लेखिका नियति साहू द्वारा लिखित पुस्तक का राज्यपाल रमेन डेका ने आज 5 अक्टूबर 2026 को गरिमामय अवसर पर विमोचन किया। राज्यपाल द्वारा जिले की एक युवा छात्रा की साहित्यिक कृति का विमोचन किया जाना न केवल नियति साहू के लिए, बल्कि कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद तथा धमतरी जिले के लिए भी गौरव का विषय है।

नियति साहू ने कृषि शिक्षा के साथ साहित्य एवं लेखन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस रचनात्मक पहल से विद्यार्थियों में अध्ययन के साथ-साथ लेखन, साहित्य, सृजनात्मक अभिव्यक्ति तथा अपनी प्रतिभा को पहचान देने के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित होने की उम्मीद है।

पुस्तक विमोचन के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने नियति साहू को पुस्तक लेखन एवं प्रकाशन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए साहित्य एवं रचनात्मक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर नियति साहू के पिता नारायण प्रसाद साहू, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा, प्राध्यापक डॉ. ए. कुरैशी तथा शिक्षक जितेंद्र सुकुमार साहिर उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा ने नियति साहू की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ साहित्य, लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे अपनी क्षमताओं को नए क्षेत्रों में अभिव्यक्त कर पाते हैं। उन्होंने सुश्री नियति साहू को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी निरंतर रचनात्मक कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने की छात्रा की रचनात्मक उपलब्धि की सराहना

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी कृषि महाविद्यालय कुरूद की द्वितीय वर्ष की छात्रा नियति साहू की इस उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा के साथ रचनात्मक एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करना प्रेरणादायी है। ऐसी उपलब्धियां जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा को निखारने तथा नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सुश्री नियति साहू को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

नियति साहू की यह उपलब्धि युवा प्रतिभाओं को अवसर, प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन मिलने के महत्व को भी रेखांकित करती है। कृषि शिक्षा के साथ लेखन के क्षेत्र में उनकी सक्रियता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्यपाल के करकमलों से पुस्तक का विमोचन होना इस उपलब्धि को विशेष गरिमा प्रदान करता है।

छात्रा की इस उपलब्धि से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। महाविद्यालय परिवार ने नियति साहू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर सृजनात्मक एवं साहित्यिक योगदान के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *