Headlines

पढ़ाई वकालत की, लेकिन कर रहा था नशे का कारोबार…

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए करीब 245 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी के लिए यात्री परिवहन की आड़ में स्लीपर बस का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में बस चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार पेंड्रा पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद संदिग्ध यात्री बस की जांच की गई। तलाशी के दौरान Jaguar Travels की 44 सीटर स्लीपर बस क्रमांक OD30D0606 से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। बस में अलग-अलग स्थानों पर रखे 49 पैकेटों से कुल करीब 245 किलो गांजा मिला।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये का गांजा जब्त किया। इसके अलावा करीब 50 लाख रुपये कीमत की स्लीपर बस और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। पुलिस मामले में गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान दिलीप कुमार हिंडिया, निवासी मलकानगिरी, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दिलीप बस का मालिक और चालक है। आरोपी के बारे में पुलिस ने बताया कि उसने कानून की पढ़ाई की है और उसके पास MBA की डिग्री भी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी यात्री स्लीपर बस के जरिए मलकानगिरी से गांजे की खेप लेकर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने पहुंचा था। यात्री परिवहन की आड़ में गांजे की तस्करी किए जाने की बात सामने आई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

पेंड्रा पुलिस ने मामले में बस चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त गांजे, बस और मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *