अंबिकापुर में जमीन फर्जीवाड़े का खुलासा, धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। जमीन की धोखाधड़ी और फर्जी रजिस्ट्री के मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों रंजय कुमार जायसवाल और अमरसाय मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर छल-कपट के जरिए दूसरी कीमती जमीनों की अवैध तरीके से रजिस्ट्री कराने और पीड़िता को बिक्री की रकम नहीं देने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को करीब 10 लाख रुपये में जमीन दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री कराई गई, लेकिन रजिस्ट्री के बाद पीड़िता को बिक्री की राशि नहीं दी गई। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें जमीन से जुड़े दस्तावेजों और रजिस्ट्री प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान पुलिस ने मूल रजिस्ट्रेशन पेपर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 61(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने बताया कि जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार अथवा संलिप्त अन्य लोगों की तलाश के साथ मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *