Headlines

गैरेज में खून से लथपथ मिली थी युवक की लाश, आपसी विवाद में दो युवकों ने किया था मर्डर

अंबिकापुर। खैरबार बदुलापारा स्थित एक वाहन गैरेज में युवक की खून से लथपथ लाश मिलने के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के बाद आरोपियों ने लोहे के बसीला से वार कर युवक की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही पुलिस ने चश्मदीदों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद आकाश उर्फ चिंटू और आकाश कंवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के बसीला भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद के बाद दोनों आरोपियों द्वारा युवक पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *