रायगढ़। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के मौहापाली जंगल में वन्यजीवों का शिकार कर रहे दो आरोपियों को वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कथित तौर पर एयर पिस्टल से जंगल में पक्षियों का शिकार कर रहे थे।
वन विभाग की टीम को जंगल में शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक एयर पिस्टल और छर्रे बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान मौके से शिकार किए गए 3 मृत पक्षी भी बरामद कर जब्त किए गए हैं। वन विभाग ने बरामद हथियार और मृत पक्षियों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग की टीम आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे जंगल में कितने समय से वन्यजीवों का शिकार कर रहे थे और इस मामले में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। वन्यजीव शिकार से जुड़े मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है।