खुर्सीपार के देवार बस्ती और अटल आवास में दुर्ग पुलिस की रेड, बेड में तलवार-चाकू रखकर सोते पकड़े गए बदमाश

दुर्ग। अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह व्यापक विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, फरार आरोपियों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई।

पुलिस टीमों ने चिन्हित आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की तस्दीक करने के साथ उनके निवास और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा बाहरी क्षेत्रों से आकर निवास कर रहे संदिग्ध एवं अनधिकृत व्यक्तियों की भी जानकारी जुटाई गई।

विशेष अभियान के दौरान खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती और अटल आवास सहित मोहन नगर क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर घरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को धारदार हथियार और अवैध शराब मिली, जिसके संबंध में वैधानिक कार्रवाई की गई। दुर्ग अनुभाग में उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक क्षेत्र में चेकिंग की गई। वहीं भिलाई नगर अनुभाग के फरीद नगर, डेरा बस्ती और सुपेला सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक की गई।

मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा वाहन के संबंध में आवश्यक सत्यापन और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर राहुल गाडा को इस वाहन के मामले में आरोपी घोषित नहीं किया गया है।

185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे तैनात

इस व्यापक अभियान में 185 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहे। इनमें दुर्ग अनुभाग से 67, भिलाई नगर अनुभाग से 63 और छावनी अनुभाग से 55 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, अचानक और समन्वित तरीके से की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करना, अवैध हथियार एवं शराब की धरपकड़ करना और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है। अभियान के दौरान मिली सामग्री और संदिग्ध वाहनों के संबंध में आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *