उत्तराखंड। देहरादून में महज 300 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक प्लंबर ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घटना में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमार करीब दो साल से बुजुर्ग दंपति के घर प्लंबिंग का काम करता था। मंगलवार को वह काम के सिलसिले में उनके घर पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद पैसों के भुगतान को लेकर उसका केएस कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद करीब 300 रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार ने पेचकस उठाकर बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास काम करने वाली एक नौकरानी मौके पर पहुंची। उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। एक पड़ोसी ने बताया कि उसने बुजुर्ग दंपति के चिल्लाने की आवाज सुनी थी। वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो आरोपी को नौकरानी पर हमला करते देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी वहां जुट गए और लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पड़ोसी के मुताबिक, घटना के दौरान आरोपी के हाथ में एक सोने की चेन भी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेन बरामद की है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि चेन आरोपी के पास कैसे आई और घटना में इसकी क्या भूमिका थी।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग दंपति और नौकरानी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की। मौके से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया गया है। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की जांच में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में आरोपी को घटना से पहले बुजुर्ग दंपति के घर की ओर जाते हुए देखा गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 300 रुपये के मामूली विवाद ने किस तरह तिहरे हत्याकांड का रूप लिया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।