बालोद। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के सरेखा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में स्टोर रूम का ताला तोड़कर चावल चोरी करने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर स्कूल से करीब 4 कट्टा चावल, जिसकी कीमत लगभग 5,400 रुपये बताई जा रही है, चोरी कर ले गए।
विद्यालय के प्रधान पाठक ऐश कुमार सिन्हा ने गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को स्कूल में 6 कट्टा चावल आया था, जिसे स्टोर रूम में रखा गया था। 3 अक्टूबर को रसोइया बेद राम निर्मलकर ने भोजन बनाने के लिए स्टोर रूम से चावल निकाला था। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे स्टोर रूम में ताला लगाकर वे घर चले गए। रविवार को स्कूल बंद होने के कारण कोई कर्मचारी स्कूल नहीं पहुंचा।
5 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर सुबह करीब 10:20 बजे रसोइया चावल लेने स्टोर रूम पहुंचा। वहां ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर 4 कट्टा चावल गायब मिले। आसपास तलाश करने के बावजूद चावल का पता नहीं चला।
विद्यालय प्रबंधन ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर चावल चोरी किया है। शिकायत के आधार पर गुंडरदेही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।