रायगढ़। रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज के सामारुमा क्षेत्र में बुधवार को हाथियों के सड़क पर आने से यातायात कुछ समय के लिए थम गया। सुबह करीब 40 हाथियों का दल सड़क पर पहुंच गया, जबकि शाम को भी हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क पार करने पहुंचा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
शाम के समय हाथियों के सड़क पार करने के दौरान एक हाथी सड़क पर खड़े ट्रेलर के बिल्कुल सामने आकर खड़ा हो गया। वह काफी देर तक ट्रेलर के पास मौजूद रहा। हाथी को इतने करीब देखकर वहां मौजूद लोग भी सतर्क हो गए। कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में हाथियों का दल करीब 49 हाथियों का था। इनमें से करीब 9 हाथी छाल रेंज की ओर चले गए, जबकि बाकी हाथियों की तमनार क्षेत्र में लगातार आवाजाही बनी हुई है।
हाथियों के सड़क से जंगल की ओर लौटने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।