दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नदी रोड नयापारा तिराहा के पास एक 18 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 35 पौव्वा देशी शोले मसाला शराब बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा 6.3 बल्क लीटर और कीमत 3,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी रोड नयापारा तिराहा के पास एक व्यक्ति शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्की सारथी मठपारा वार्ड क्रमांक 03 का रहने वाला बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35 पौव्वा देशी शोले मसाला शराब, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद हुई। सभी पौव्वे सीलबंद अवस्था में पाए गए। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया।आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।