महासमुंद। जिले के बेलसोंडा स्टेशन पारा क्षेत्र में एक आक्रामक बंदर के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले छह दिनों से बंदर लगातार लोगों पर हमला कर रहा है। अब तक उसके हमले में 8 से 9 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। स्थिति ऐसी है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र की आंगनवाड़ी बंद है, वहीं अभिभावक अपने बच्चों को प्राथमिक विद्यालय भेजने से डर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बंदर की लगातार मौजूदगी और हमलों के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि छह दिन बीत जाने के बाद भी आक्रामक बंदर पर काबू नहीं पाया जा सका है। लगातार हो रहे हमलों के कारण लोगों में नाराजगी भी है। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग जल्द से जल्द बंदर को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बच्चों की पढ़ाई दोबारा सामान्य हो सके।
बच्चों की सुरक्षा बनी चिंता का विषय
बंदर के आतंक का सबसे ज्यादा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। दहशत के चलते आंगनवाड़ी बंद है और प्राथमिक विद्यालय में अभिभावक बच्चों को भेजने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बंदर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया जाता, तब तक बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहेगा। अब क्षेत्रवासियों को वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों ने जल्द हस्तक्षेप कर बंदर को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।