पिंकी सुसाइड केस में धमतरी का युवक गिरफ्तार

धमतरी। शहर के एक होटल में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में धमतरी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर युवती को प्रेम प्रसंग में रखकर विवाह का प्रलोभन देने और बाद में प्रताड़ित करने का आरोप है। मामले में विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी कवर्धा, 24 सितंबर 2026 को धमतरी आई थी। वह शहर के होटल सीजी-05 के कमरा नंबर 106 में रुकी थी। बताया गया है कि युवती को आरोपी के अन्य लड़कियों से संबंध होने की जानकारी मिली थी, जिसके संबंध में स्पष्टता प्राप्त करने के लिए वह धमतरी पहुंची थी।

आरोप है कि 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू युवती से मिलने होटल पहुंचा। इस दौरान विवाह को लेकर बातचीत हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और युवती के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। आरोपी पर युवती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी युवती को प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है।

बताया गया है कि इस घटनाक्रम से व्यथित होकर युवती ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 में अपराध दर्ज किया गया।

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। विवेचना के दौरान उसकी संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने पर टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी धमतरी के गोकुलपुर, वार्ड क्रमांक 36 का निवासी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *