शंकर नगर के सैलून में ड्रग्स का कारोबार ध्वस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.73 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 47 हजार 300 रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र में शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में कुछ महिलाएं एमडीएमए ड्रग्स की बिक्री कर रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर मौजूद मिले। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान आशा नायक (27 वर्ष), निवासी सुपेला, दुर्ग; कृष्णा तिवारी (29 वर्ष), निवासी मोवा, रायपुर; और हेमंत थापा (36 वर्ष), निवासी अवंति विहार, रायपुर के रूप में की है। तीनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 14.73 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त किया गया। इस मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 405/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) में अपराध दर्ज किया गया है।

ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे की आपूर्ति करने वाले स्रोतों और इसे खरीदने वालों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *