रायपुर। राजधानी में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने भिलाई निवासी के एटीएम कार्ड को बदल दिया। इसके बाद आरोपी ने कार्ड का इस्तेमाल कर 1 लाख 89 हजार 500 रुपये निकालने और ऑनलाइन शॉपिंग करने की धोखाधड़ी की।
शिकायतकर्ता प्रणय पुष्कर राजवाड़े ने पुलिस को बताया कि वह अमेरिका में एक मेडिकल डिवाइस कंपनी में सीनियर आईटी एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं और वहीं रहते हैं। वह परिवार से मिलने 3 अक्टूबर 2026 को अमेरिका से छत्तीसगढ़ आए थे। रायपुर एयरपोर्ट से ड्राइवर के साथ भिलाई जाते समय उन्होंने रिंग रोड स्थित पीएस सिटी एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने का फैसला किया।
सुबह करीब 8 से 9:30 बजे के बीच वह एटीएम से 5 हजार रुपये निकाल रहे थे। इसी दौरान करीब 35 से 40 वर्ष का एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम के अंदर आया और मदद करने की बात कही। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उसकी जगह एसबीआई का दूसरा कार्ड रख दिया। कार्ड बदलने की जानकारी नहीं होने पर प्रणय वहां से निकलकर भिलाई स्थित अपने घर चले गए।
इसके बाद वह 3 से 6 अक्टूबर तक पारिवारिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहे। 7 अक्टूबर को बातचीत के दौरान जब उनके एटीएम कार्ड के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने अपना कार्ड देखा और कार्ड बदले जाने का पता चला। इसके बाद उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की नेहरू नगर, भिलाई शाखा में जाकर खाते की जानकारी ली।
बैंक स्टेटमेंट की जांच में पता चला कि 3 से 4 अक्टूबर 2026 के बीच उनके एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर कुल 1,89,500 रुपये निकाले गए और ऑनलाइन शॉपिंग भी की गई। इसके बाद उन्होंने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर उनके साथ धोखाधड़ी की।