Raipur : कॉलेज छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट, बेसबॉल बैट और लोहे की पाइप से हमला

रायपुर। राजधानी में कॉलेज के छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, मेक कॉलेज में आयोजित गायन और नृत्य प्रतियोगिता के दौरान शुरू हुआ विवाद बाद में मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक सीनियर छात्र अपने साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए छात्रों पर बेसबॉल बैट और लोहे की पाइप से हमला कर दिया। घटना में दो छात्रों को चोटें आई हैं। मामले में देवेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र रुद्र ठाकुर ने देवेंद्र नगर पुलिस को बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को मेक कॉलेज में गायन और नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम के दौरान वह कॉलेज हॉल के पीछे कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान कॉलेज का सीनियर छात्र अंश जांगड़े उसके पास पहुंचा और बहस करने लगा। कॉलेज के अन्य छात्रों के समझाने के बाद रुद्र अपने घर चला गया।

शिकायत के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 4 बजे अंश जांगड़े ने रुद्र को फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। रुद्र ने गुजराती स्कूल के पास होना बताया, जिसके बाद कथित तौर पर अंश ने फोन पर गाली-गलौज की और वहीं रुकने की बात कहते हुए आने की बात कही।

कुछ देर बाद अंश अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए रुद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्तों शौर्य मिश्रा और सुमित दीप के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में बेसबॉल बैट और लोहे की पाइप से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

इस घटना में शौर्य मिश्रा की पीठ, पेट, बाईं भौंह और दाहिने गाल में चोटें आईं। वहीं, सुमित दीप के पेट, कमर, पसली के आसपास और चेहरे पर चोट व खरोंच आने की बात कही गई है। रुद्र के अनुसार, उसे ज्यादा चोट नहीं आई। पीड़ित छात्र रुद्र ठाकुर ने इस मामले की शिकायत देवेंद्र नगर थाने में की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *