Headlines

दुर्ग पुलिस ने शारदीय नवरात्रि के दौरान पदयात्रियों के लिए बनाया ‘सुरक्षित कॉरिडोर’, शहर में भारी और मध्यम वाहनों की नो-एंट्री

दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक ‘सुरक्षित कॉरिडोर’ बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। पुलिस ने पदयात्रियों के साथ वाहन चालकों के लिए भी यातायात एडवाइजरी जारी की है।

यातायात पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग वाहन लाउडस्पीकर के माध्यम से पदयात्रियों को सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश देंगे। इसके अलावा, पदयात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं।

कुम्हारी से डोंगरगढ़ तक निर्धारित किया गया रूट

डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग कुम्हारी टोल प्लाजा से शुरू होकर सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास से होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ पहुंचेगा।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

सेंट्रल एवेन्यू और गंजपारा में रहेगा डायवर्शन

नवरात्रि के दौरान दुर्ग शहर और सेक्टर क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्शन व्यवस्था लागू रहेगी।

सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू की ओर आने वाले चारपहिया वाहनों को सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा।

गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात के समय पुलिस लाइन और गंजपारा से आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा, रात के समय पुलगांव चौक से आने वाली बसों को महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड भेजा जाएगा। दुर्ग बस स्टैंड से पुलगांव की ओर जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग का उपयोग करना होगा।

रात में भारी और मध्यम वाहनों की नो-एंट्री

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात के समय दुर्ग शहर में भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित क्षेत्र में पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाला मार्ग शामिल है।

वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्शन मार्ग का पालन करें और सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन पार्क न करें।

पदयात्रियों के लिए पुलिस की खास अपील

यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं से बचने के लिए पुलिस ने श्रद्धालुओं को कई जरूरी निर्देश दिए हैं।

  • रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनें: बैग पर रेडियम या रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाएं और चमकीले कपड़े पहनें, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से दिखाई दें।
  • बाईं ओर चलें: सड़क के बिल्कुल किनारे बाईं ओर चलें और मुख्य सड़क पर आने से बचें।
  • सर्विस लेन का उपयोग करें: हाईवे पर चलते समय सर्विस लेन का ही उपयोग करें। बाईपास मार्ग पर पैदल चलने से बचें।
  • रात में यात्रा से बचें: देर रात पदयात्रा शुरू करने से बचें और सड़क या उसके किनारे विश्राम न करें।
  • वाहन चालकों के लिए निर्देश: थकान या नींद की स्थिति में वाहन न चलाएं, नशे में ड्राइविंग न करें, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और रात में लो-बीम पर वाहन चलाएं। मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना भी प्रतिबंधित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *