Headlines

अमलीडीह में पेपर कटर से युवक की हत्या, बाल अपराधी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास तात्कालिक विवाद के दौरान पेपर कटर से हमला कर एक युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और चंद घंटों के भीतर मामले में संलिप्त अपचारी बालक को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र के स्वर्ण जयंती चौक के पास एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अपचारी बालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया।

तात्कालिक विवाद में पेपर कटर से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अपचारी बालक ने बताया कि तात्कालिक विवाद के दौरान उसने पास पड़े पेपर कटर को उठाकर युवक की जांघ के पास वार किया और मौके से भाग गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *