Headlines

चॉइस सेंटर में हत्या की कोशिश, क्रिकेट बैट से लगातार हमला, मुख्य आरोपी पिस्टल के साथ गिरफ्तार

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी कुणाल सिंह भी शामिल है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल बरामद की है, जिसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:40 बजे की है। प्रार्थी अमन गुप्ता चॉइस सेंटर में मौजूद था।

इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कुणाल सिंह और उसके दो साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने क्रिकेट बैट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसके सिर और दाहिने हाथ में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची सरोज गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई।मामले में अमन गुप्ता की रिपोर्ट पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को मुख्य आरोपी कुणाल सिंह और उसके दो साथियों अनुराग किरनापुरे (24 वर्ष) तथा संदीप दास (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।जांच के दौरान मुख्य आरोपी कुणाल सिंह के कब्जे से पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 461/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत अलग से मामला दर्ज किया।

पुलिस ने पिस्टल के साथ बजाज पल्सर N150 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 8076 भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कुणाल सिंह के विरुद्ध पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन की इस कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *