दुर्ग। सुपेला घड़ी चौक पर पुलिस ने भैंस और उसके बच्चे को क्रूरतापूर्वक वाहन में ले जाने के मामले में महाराष्ट्र के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बुलेरो पिकअप वाहन सहित दोनों मवेशियों को बरामद किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे प्रार्थी युवराज साहू सुपेला घड़ी चौक के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बुलेरो पिकअप क्रमांक MH 35 AJ 5459 में एक भैंस और उसके बच्चे को ले जाते हुए देखा। पूछताछ में वाहन सवार लोगों ने मवेशियों को महाराष्ट्र के गोंदिया ले जाने की बात कही, लेकिन वे परिवहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को रुकवाया गया। जांच के दौरान वाहन में करीब छह साल की भैंस और लगभग एक साल का उसका बच्चा रस्सी से बंधे मिले। पुलिस के मुताबिक, वाहन में मवेशियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर विनोद तावड़े (34), रामेश्वर भुरकन बिसने उर्फ विरेन्द्र (45) और प्रवीण डिलेश्वर बिसने (25), तीनों निवासी ग्राम बामनी, जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।