बिलासपुर। जिले के तारबाहर थाना क्षेत्र में गाली-गलौज और मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी अनुराग कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अगस्त की रात वह घर जाने के लिए अपनी गाड़ी मोड़ रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की और मारपीट की।
शिकायत के आधार पर तारबाहर थाने में अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम गरूड (20 वर्ष), निवासी विद्या नगर, चंदन पैलेस, थाना तारबाहर और विशु श्रीवास (24 वर्ष), निवासी अशोक नगर चौक, सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।