जशपुर। जिले में गौ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत की गई है।
मामला 7 दिसंबर 2025 का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर लोदाम थाना पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-BS-8773 को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, वाहन में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन से 11 गौवंशों को मुक्त कराया और पिकअप जब्त कर लिया। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आए नाम
विवेचना के दौरान पुलिस ने मंजीत जांगड़े, निवासी जिला सक्ती को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर बसी अहमद और इमरोज खान की कथित संलिप्तता का पता चला। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे।
पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने लोदाम क्षेत्र के बाजार डांड़ में घेराबंदी कर बसी अहमद को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरी टीम ने झारखंड के गुमला जिले में दबिश देकर इमरोज खान को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।