Headlines

मराठापारा में नशीली टेबलेट बेच रहा युवक गिरफ्तार

धमतरी। जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस ने मराठापारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 140 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट के साथ 22 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही जुपिटर स्कूटी सहित कुल 42,800 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मराठापारा क्षेत्र में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध परिवहन और बिक्री में संलिप्त है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।

तलाशी में मिलीं 140 टैबलेट

पुलिस ने तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से हरे रंग की पॉलीथीन में रखी 14 स्ट्रिप में 140 नाइट्राजेपाम टैबलेट (Nitrosun-10) बरामद कीं। औषधि निरीक्षक सुमीत देवांगन ने मौके पर टैबलेट का भौतिक सत्यापन किया। पुलिस ने टैबलेट के परिवहन में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी को भी जब्त कर लिया।

22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशेष शर्मा, पिता संतोष शर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी मराठापारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के दौरान टैबलेट की आपूर्ति के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और संभावित सप्लायर तथा अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *