Headlines

दुर्ग के नंदौरी में सुबह-सुबह बवाल, मां-बेटे को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम नंदौरी में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला और उसके बेटे के साथ विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौच और चप्पल से मारपीट की। वहीं, महिला के बेटे द्वारा समझाने पर आरोपी ने उसे भी गाली दी और जान से मारने की धमकी देते हुए चापड़नुमा लोहे का हथियार निकाल लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे 64 वर्षीय कीर्ति वर्मा अपने मोहल्ले की जमुना बन्छोर और सुलेखा बन्छोर के साथ टहलने गई थीं। वापस घर लौटते समय मोहल्ले में रहने वाला नितेश पारधी पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ अश्लील गाली-गलौच करने लगा। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने पैर में पहनी चप्पल से मारपीट की। इस दौरान जमुना बन्छोर और सुलेखा बन्छोर ने बीच-बचाव किया।

घर पहुंचने के बाद कीर्ति वर्मा ने अपने बेटे अजय वर्मा को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अजय आरोपी को समझाने और ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने के लिए कहने पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान नितेश पारधी ने उसके साथ भी गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने घर से चापड़नुमा लोहे का हथियार निकाल लिया।

महिला की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 620/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश की और नितेश पारधी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़नुमा लोहे का हथियार भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी नितेश पारधी, निवासी शिकारी पारा, नंदौरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *