रायपुर। राजधानी रायपुर के गोबरा नवापारा क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे स्टेशन रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में एक भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाली में भ्रूण पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को नाली में फेंका गया होगा। हालांकि, मामले की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास के अस्पतालों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि भ्रूण को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। निजी अस्पताल के सामने भ्रूण मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।